जयपुर। अखिल भारतीय सर्व समाज सनातन समिति राजस्थान के तत्वावधान में रविवार को सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से भव्य तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे दुपहिया वाहनों पर तिरंगा झंडा लगाकर और तिरंगा साफा पहनकर बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के सामने सुमेर नगर की ओर जाने वाली सड़क पर एकत्र हुए।
रैली को जयपुर की लोकप्रिय सांसद मंजू शर्मा, जयपुर ग्रेटर की मेयर सौम्या गूजर और संत प्रकाश दास जी महाराज ने संबोधित किया और देशभक्ति की भावना को प्रबल किया। पंक्तिबद्ध दुपहिया वाहन सवार देशभक्ति के नारे लगाते हुए एसएफएस मध्यम मार्ग, सिटी पार्क, वीटी रोड, रिद्धी सिद्धी चौराहा, गोपालपुरा चौराहा होते हुए टोंक रोड से रामबाग चौराहा पहुंचे और फिर अमर जवान ज्योति की ओर बढ़े। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया गया।
अमर जवान ज्योति पर रैली का समापन हुआ, जहां भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने संबोधित किया। रैली के सफल संचालन में कार्यकारिणी अध्यक्ष मेघेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एबीएस4 टीम के कमलेश टांक, ललित चांदकोटिया, विवेक गोयल, गिर्राज शर्मा, पारस जैन, जितेंद्र शेखावत, अरुण जोशी, रजनीकांत शर्मा, महेंद्र शर्मा, अभिनव जोशी और धर्मेंद्र तिवाड़ी का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रकाश दास जी महाराज एवं सभी पधारे गणमान्यों का स्वागत कर राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया और सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।