मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक होने के साथ-साथ हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति का प्रतीक भी है। यह त्योहार नारी सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए इस रक्षाबंधन पर प्रदेश सरकार ने विशेष पहल की है। सरकार ने 1,21,000 आंगनबाड़ी बहनों को राखी के उपहार स्वरूप ₹501-₹501 की राशि उनके खातों में स्थानांतरित की है।
इसके साथ ही राजस्थान की सभी महिलाएं रक्षाबंधन के अवसर पर 9 और 10 अगस्त को राज्य परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा राज्य की सीमाओं के भीतर लागू होगी।
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि यह पर्व हमें हमारी बहनों की रक्षा, सम्मान और समर्पण का संकल्प दोहराने का अवसर प्रदान करता है। सरकार महिलाओं के कल्याण और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।