जयपुर। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी 10 से 14 अगस्त तक "हर घर तिरंगा" अभियान का भव्य आयोजन करेगी। यह जानकारी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अभियान के प्रदेश संयोजक अशोक परनामी ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश के मंडल स्तर पर भाजपा कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा निकालेंगे, जिसमें पैदल मार्च और युवा मोर्चा द्वारा बाइकर रैली भी शामिल रहेगी।
परनामी ने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक भाजपा कार्यकर्ता घर-घर, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराएंगे, और 15 अगस्त की शाम राष्ट्रीय ध्वज को ससम्मान उतारा जाएगा। इसके अतिरिक्त 12 से 14 अगस्त तक शहीद स्मारकों और प्रतिमाओं पर सफाई अभियान चलाया जाएगा, तथा शहीदों और सैन्य बलों के परिजनों एवं जवानों का सम्मान भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा में वीर शहीदों की तस्वीरें और सैन्य शौर्य को दर्शाते प्रतीक लेकर कार्यकर्ता भारत माता की जय के जयघोष के साथ शामिल होंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए जिला, संभाग और प्रदेश स्तर की टोली का गठन किया गया है, जिसकी प्रदेश स्तरीय कार्यशाला 7 अगस्त को भाजपा प्रदेश कार्यालय जयपुर में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।
परनामी ने आगे बताया कि भाजपा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाएगी। उन्होंने कहा कि 1947 के विभाजन के दौरान पाकिस्तान से भारत लौटते हिंदुओं के साथ हुए नरसंहार, बलात्कार और जघन्य अपराधों को देशवासी नहीं भूल सकते। युवा पीढ़ी को उस दर्दनाक इतिहास से अवगत कराने के लिए मौन जुलूस निकाले जाएंगे और मंडल व जिला स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन होगा।
इस प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, पूर्व विधायक रामलाल शर्मा, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, और प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ भी उपस्थित रहे।