



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने श्रावण मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास स्थित राज राजेश्वरी मंदिर में सपत्नीक भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चार और वैदिक विधियों के साथ सम्पन्न इस पूजा में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष समय होता है और इस पवित्र माह का अंतिम सोमवार अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है।
मुख्यमंत्री शर्मा की धर्मपत्नी गीता शर्माने भी पूजा में सहभागी बनकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और मंगलकामनाएं कीं। मंदिर परिसर में शुद्धता और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश में सामाजिक सौहार्द, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और विकास के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री निवास पर स्थित इस मंदिर में विभिन्न धार्मिक पर्वों पर नियमित रूप से पूजन-अनुष्ठान आयोजित होते हैं, और श्रावण के अंतिम सोमवार को की गई यह विशेष पूजा प्रदेश में सकारात्मक ऊर्जा और जनकल्याण के संकल्प को दर्शाती है।