



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को नई दिल्ली स्थित जोधपुर हाउस में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत बिल्व के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि बिल्व जैसे पौधे धार्मिक और औषधीय महत्व रखते हैं और इनका संरक्षण जैव विविधता के लिए अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने अपील की कि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संवर्धन की दिशा में भागीदारी निभाएं और विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण करें।
शर्मा ने जानकारी दी कि राजस्थान सरकार ने इस वर्ष ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियानों के तहत 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें से अब तक 7.5 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि हरियाली तीज के शुभ अवसर पर प्रदेश में 2.5 करोड़ पौधे एक दिन में रोपित कर एक नया रिकॉर्ड बनाया गया है, जो जनता की पर्यावरण के प्रति जागरूकता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण कोई प्रतीकात्मक कार्य नहीं, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य की नींव है। उन्होंने इन अभियानों को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया और प्रदेशवासियों से अधिकाधिक पौधरोपण कर प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने की अपील की।