जयपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आगामी 10 अगस्त से 14 अगस्त 2025 तक पूरे राजस्थान में मंडल व जिला स्तर पर “तिरंगा यात्रा” निकालने की घोषणा की है। यह यात्रा देशभक्ति की भावना को प्रबल करने और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने हेतु आयोजित की जाएगी।
राठौड़ ने बताया कि यह यात्रा केवल एक प्रतीकात्मक आयोजन न होकर एक जनआंदोलन के रूप में प्रदेश के कोने-कोने में पहुँचेगी। उन्होंने कहा, “यह तिरंगा यात्रा हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए गर्व और सेवा का अवसर है। यह भाजपा की राष्ट्रनिष्ठ विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बनेगी।”
इस महत्त्वपूर्ण अभियान के सफल संचालन के लिए पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया है। टोली में परनामी संयोजक होंगे, जबकि पूर्व विधायक रामलाल शर्मा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र बोहरा और प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले में तिरंगा रैलियां, देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, झंडारोहण, और युवा संवाद जैसे विविध आयोजन किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय जनप्रतिनिधि सक्रिय भूमिका निभाएंगे, जिससे यह यात्रा आमजन को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन सकेगी।