जैसलमेर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जैसलमेर जिले के रामदेवरा में बाबा रामदेव के पावन धाम तक पदयात्रा कर प्रदेश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री शर्मा ने बाबा रामदेव पैनोरमा से बाबा रामदेव मंदिर तक पैदल चलकर भक्ति और श्रद्धा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। पदयात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का फूल वर्षा और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बाबा रामदेव की ध्वजा (नेजा) थामते हुए यात्रा की, जिसके साथ लोक कलाकार रिक्खियां गाते हुए आगे बढ़े। यात्रा पूर्ण होने पर श्री शर्मा ने बाबा रामदेव की समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और आरोग्यता की प्रार्थना की। इसके पश्चात वे डालीबाई के समाधि स्थल भी पहुंचे और वहाँ भी श्रद्धा से नमन किया। उन्होंने जम्मा जागरण स्थल पर आयोजित रिक्खी गायन का श्रवण भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शर्मा ने बाबा रामदेव पैनोरमा का अवलोकन करते हुए वहां दर्शाए गए जीवन वृतांत के चित्रण की सराहना की। पैनोरमा परिसर में बरगद का पौधा लगाकर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री शर्मा की इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान यादे माटी कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक, विधायक छोटू सिंह भाटी, महंत प्रताप पुरी, बाबू सिंह राठौड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं, हेलीपैड पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
📍 रामदेवरा, जैसलमेर
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) July 31, 2025
लोकदेवता बाबा रामदेव नेत्रकुंभ - 2025 के शुभारंभ की झलकियां। pic.twitter.com/6QCdHKrupI