Saturday, 29 August 2026

दिल्ली में सीएम भजनलाल शर्मा की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा; मंत्रिमंडल विस्तार और जाट समीकरण पर भी चर्चाओं के संकेत


दिल्ली में सीएम भजनलाल शर्मा की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा; मंत्रिमंडल विस्तार और जाट समीकरण पर भी चर्चाओं के संकेत

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। संसद भवन में हुई इस मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच लगभग 45 मिनट तक विशेष चर्चा हुई। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार, जातीय संतुलन और हाल ही में हुए झालावाड़ हादसे जैसे कई संवेदनशील मुद्दे चर्चा में हैं।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे भी प्रधानमंत्री से मिली थीं। लगातार हो रही इन हाई-प्रोफाइल बैठकों को राजस्थान की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी ने इन नेताओं से राजस्थान की राजनीतिक स्थिति, प्रशासनिक चुनौतियों और आगामी कार्यनीतियों को लेकर फीडबैक लिया।

राजनीतिक हलकों में यह भी माना जा रहा है कि ये मुलाकातें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद प्रदेश में बने जाट नेतृत्व के खालीपन को लेकर हुई हैं। अब इस समीकरण को साधने और सत्ता-संगठन में सामंजस्य बैठाने की रणनीति पर केंद्र और राज्य नेतृत्व के बीच मंथन चल रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में झालावाड़ के पिपलोदी गांव में हुए स्कूल हादसे पर दुख जताया था, जहां स्कूल की छत गिरने से सात मासूमों की जान चली गई थी। चूंकि झालावाड़ वसुंधरा राजे का निर्वाचन क्षेत्र है और उनके पुत्र दुष्यंत सिंह यहां से सांसद हैं, इसलिए इस संवेदनशील मामले को भी चर्चा का विषय माना जा रहा है।

मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर प्रधानमंत्री से भेंट को "विकास-केंद्रित" बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार पीएम मोदी के कुशल मार्गदर्शन में राजस्थान को आदर्श राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने राजस्थान को और अधिक सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

    Previous
    Next

    Related Posts