Saturday, 29 August 2026

76 वां राज्यस्तरीय वन महोत्सव: पर्यावरण संरक्षण बना जनआंदोलन, मुख्यमंत्री ने दिया 'एक पेड़ मां के नाम' का संदेश


76 वां राज्यस्तरीय वन महोत्सव: पर्यावरण संरक्षण बना जनआंदोलन, मुख्यमंत्री ने दिया 'एक पेड़ मां के नाम' का संदेश

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की कि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे परिवार का सदस्य मानकर उसकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भारतीय संस्कृति का मूल तत्व है और आज का वन महोत्सव इस उत्तरदायित्व को जन आंदोलन का रूप देने का प्रयास है। मुख्यमंत्री ने जयपुर के मदाऊ स्थित जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित महोत्सव को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि इस वर्ष हरियालो राजस्थान मिशन के अंतर्गत राज्य सरकार का लक्ष्य 10 करोड़ पौधे लगाने का है, जिनमें से एक दिन में 2.5 करोड़ पौधे लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से प्रेरणा लेकर यह मिशन प्रारंभ किया गया है। अगले 5 वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के खतरे से निपटने के लिए भारत वैश्विक मंच पर अग्रणी है और अक्षय ऊर्जा एवं इंटरनेशनल सोलर अलायंस जैसी पहलों से दुनिया को हरित समाधान दिए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने राजस्थान में अमृता देवी इंडिजिनस प्लांट म्यूजियम, नगर वन, और हरित अरावली परियोजना जैसी पर्यावरणीय पहलों का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री शर्मा ने जल और पर्यावरण संरक्षण की पारंपरिक विरासत को भी रेखांकित किया। अमृता देवी द्वारा 363 लोगों के साथ वृक्षों की रक्षा हेतु बलिदान, और राज्य सरकार द्वारा खेजड़ली में उनकी स्मृति में संग्रहालय की स्थापना इस विरासत का प्रमाण हैं। समारोह में मुख्यमंत्री ने सिंदूर का पौधा लगाया, ड्रोन द्वारा बीजारोपण किया, और वन विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

उन्होंने झालावाड़ जिले के पीपलोदी विद्यालय हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा और निर्देश दिया कि जर्जर भवनों की सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके।

कार्यक्रम में सांसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विश्वविद्यालय कुलपति, विद्यार्थी, एनसीसी व स्काउट कैडेट्स तथा आमजन उपस्थित रहे। सभी ने राज्य को हरियाला और समृद्ध राजस्थान बनाने के संकल्प के साथ वृक्षारोपण किया।

Previous
Next

Related Posts