



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर झालावाड़ जिले के पिपलोदी ग्राम में सरकारी विद्यालय की छत गिरने से हुई दर्दनाक दुर्घटना को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने हादसे में दिवंगत हुए बच्चों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री शर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े समस्त जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि प्रदेश भर के सभी सरकारी भवनों—विशेषकर विद्यालयों, आंगनबाड़ियों, अस्पतालों और अन्य राजकीय परिसरों—का तत्काल निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भवन जर्जर अवस्था में हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य तत्काल शुरू किया जाए।
मुख्यमंत्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निरीक्षण और मरम्मत की कार्रवाई की रिपोर्ट शीघ्रता से मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाए, ताकि राज्य स्तर पर निगरानी रखी जा सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं रोकी जा सकें।