



झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पीपलोदी की इमारत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। हादसे में 8 मासूम बच्चों की मौत और दर्जनों के घायल होने के बाद गुराड़ी चौराहे पर ग्रामीणों ने पिछले एक घंटे से जाम लगा रखा है।
जाम को हटाने के लिए जब पुलिस बल मौके पर पहुंचा, तो कुछ आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ा गया है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, सभी जर्जर विद्यालय भवनों की त्वरित मरम्मत और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। प्रशासन के आश्वासन के बावजूद ग्रामीणों का आक्रोश बना हुआ है। मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति को नियंत्रण में करने के प्रयास में जुटे हुए हैं।