



झालावाड़ के मनोहर थाना क्षेत्र के पीपलोदी गांव में स्कूल भवन गिरने से मासूम बच्चों की मौत की हृदयविदारक घटना पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने घटना को केवल हादसा नहीं बल्कि "सरकार की आपराधिक लापरवाही से हुई हत्या" करार दिया।
डोटासरा ने कहा, “बार-बार चेतावनी देने के बावजूद राज्य सरकार ने जर्जर स्कूल भवनों की अनदेखी की। आखिर क्यों स्कूलों के इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए बजट जारी नहीं किया गया?” उन्होंने सवाल उठाया कि “मंत्रियों के बंगलों की मरम्मत के लिए पैसा और समय है, तो स्कूलों की सुरक्षा के लिए क्यों नहीं?”
डोटासरा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह वही सरकार है जिसने शिक्षा बजट को बोझ समझा और बच्चों की सुरक्षा को दरकिनार कर दिया। “मासूमों की मौत का जिम्मेदार कौन है? भाजपा सरकार जवाब दे,” उन्होंने मांग की।
उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने और मलबे में दबे बच्चों के सकुशल निकलने की प्रार्थना की।