जयपुर, सांगानेर। सावन मास के पावन अवसर पर पिंजरापोल गौशाला, सांगानेर स्थित ग्वालेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार को सहस्त्र घटाभिषेक का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गौ माता को "राज्य माता" का दर्जा देने और राजस्थान को जैविक राज्य घोषित करने की भावभरी प्रार्थना की गई, जिससे श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी प्रकट हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में पांच विद्वान ब्राह्मणों द्वारा गणपति, मां गौरी, नवग्रह, सोडश मातृका और वास्तु देवता का पूजन विधिवत रूप से किया गया। इसके पश्चात पंचामृत एवं पंचगव्य से युक्त दूध, दही, घी, शहद, बूरा और विजया से भोलेनाथ का महाभिषेक किया गया। अभिषेक उपरांत ग्वालेश्वर महादेव की फूलों से भव्य झांकी सजाई गई जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
सांझ के समय सैकड़ों दीपकों की रोशनी में महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने एकात्म भाव से भाग लिया। आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण किया गया।
इस शुभ अवसर पर गौशाला में संचालित वेद विद्यालय के बटुकों द्वारा वेद मंत्रोच्चार कर वातावरण को आध्यात्मिक रंगों से सराबोर कर दिया गया। वहीं, गौऋषि संत प्रकाश दास जी महाराज ने गौ भक्ति व देशभक्ति से जुड़े भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल-मोनिका गुप्ता ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘धन-धान्य कृषि योजना’ को स्वीकृति देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना खेती, पशुपालन, जैविक खाद और देसी नस्लों के संरक्षण को नई दिशा देगी। इससे ग्राम पंचायतों और प्रखंड स्तर पर भंडारण की संरचना विकसित होगी, जिससे ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, सिविल लाइंस से भाजपा विधायक गोपाल शर्मा, ग्रेटर नगर निगम जयपुरकी महापौर सौम्या गुर्जर, और पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन ने न केवल धार्मिक एकता को बल दिया, बल्कि गौसंवर्धन, जैविक खेती और पर्यावरण चेतना के प्रति समाज को जागरूक भी किया।
इस दौरान गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, महापौर सौम्या गुर्जर, पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ,एडीजी अनिल पालीवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।