Sunday, 20 July 2025

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं को दी बड़ी सौगात, 26 हजार से अधिक पदों पर सरकारी भर्तियों की घोषणा


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं को दी बड़ी सौगात, 26 हजार से अधिक पदों पर सरकारी भर्तियों की घोषणा

राजस्थान सरकार ने राज्य के युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान करते हुए गुरुवार, 18 जुलाई को एक ही दिन में 26 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियों की घोषणाएं कर दीं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। गुरुवार को विभिन्न विभागों द्वारा एक साथ बम्पर भर्ती विज्ञप्तियां जारी की गईं, जो राज्य की भर्ती इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन बन गया।

इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग में 3,225 प्राध्यापक और 6,500 वरिष्ठ अध्यापकों की भर्ती शामिल है, जबकि संस्कृत शिक्षा विभाग के लिए लेवल-1 और लेवल-2 के कुल 2,759 पदों की अधिसूचना जारी की गई है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग में लेवल-1 अध्यापकों के 5,000 पदों पर भी भर्ती होगी। इसके अलावा, गृह विभाग में उप निरीक्षक के 1,015 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिसमें AP, IB और प्लाटून कमांडर के पद शामिल हैं। गृह रक्षा विभाग में भी 84 प्लाटून कमांडर की भर्ती की जाएगी।

इसके साथ ही पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी के 1,100 पद, कृषि विभाग में सहायक अभियंता (कृषि) के 281 पद और कृषि पर्यवेक्षक के 1,100 पदों पर भर्ती होगी। वन विभाग में 785 पदों, ऊर्जा विभाग में 2,163 पदों और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में 1,050 पदों पर भी भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। आयुर्वेद विभाग में संविदा आयुष अधिकारियों के 1,535 पदों पर भी विज्ञप्ति जारी की गई है।

उल्लेखनीय है कि जयपुर के दादिया में आयोजित ‘सहकार एवं रोजगार उत्सव’ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में 8,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। अब तक राज्य सरकार 75,000 से अधिक नियुक्तियां दे चुकी है और वर्ष 2025 के अंत तक 81,000 पदों पर भर्ती का कैलेंडर पहले ही जारी कर चुकी है। वहीं, राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) में सदस्यों की संख्या भी 7 से बढ़ाकर 10 कर दी गई है, ताकि भर्ती प्रक्रियाओं को और अधिक गति मिल सके।

Previous
Next

Related Posts