Saturday, 29 August 2026

एसआई भर्ती पेपर लीक: निलंबित आरपीएससी सदस्य कटारा के ड्राइवर के बेटे को एसओजी ने किया अरेस्ट, कटारा के घर पढ़े थे सवाल-जवाब


एसआई भर्ती पेपर लीक: निलंबित आरपीएससी सदस्य कटारा के ड्राइवर के बेटे को एसओजी ने किया अरेस्ट, कटारा के घर पढ़े थे सवाल-जवाब

जयपुर। एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक कांड में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और बड़ी गिरफ्तारी की है। एसओजी ने शुक्रवार को निलंबित आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा के तत्कालीन ड्राइवर नादान सिंह के बेटे अजय प्रताप सिंह राठौड़ (27 वर्ष), निवासी गेगल, अजमेर को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्तमान में राजस्व मंडल अजमेर में निजी सहायक ग्रेड-II के पद पर कार्यरत था।

एडीजी (एटीएस-एसओजी) वीके सिंह ने जानकारी दी कि अजय प्रताप सिंह ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 की लिखित परीक्षा से तीन दिन पूर्व ही लीक हुए प्रश्नों और उनके उत्तर को पढ़ा और उन्हीं से परीक्षा दी थी। यह प्रश्न उत्तर आरोपी को बाबूलाल कटारा के भांजे विजय कुमार डामोर ने अजमेर स्थित कटारा के सरकारी आवास पर पढ़ाए थे।

अजय प्रताप ने परीक्षा में हिंदी में 174.28 अंक और सामान्य ज्ञान में 150.2 अंक, कुल मिलाकर 324.48 अंक प्राप्त किए और लिखित परीक्षा में पास भी हो गया। हालांकि वह फिजिकल टेस्ट में फेल होने के कारण चयनित नहीं हो सका। एसओजी की जांच में उसके खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने पर शुक्रवार को उसे गिरफ्तार किया गया।

एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक कांड में एसओजी अब तक 117 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में निलंबित सदस्य बाबूलाल कटारा की भूमिका भी जांच के घेरे में है और उनके खिलाफ बर्खास्तगी की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है।

Previous
Next

Related Posts