Saturday, 29 August 2026

जयपुर रेलवे स्टेशन के पास सड़क धंसी, 12 फीट गहरे गड्ढे से खतरा, मेट्रो पिलर को भी नुकसान की आशंका


जयपुर रेलवे स्टेशन के पास सड़क धंसी, 12 फीट गहरे गड्ढे से खतरा, मेट्रो पिलर को भी नुकसान की आशंका

जयपुर जंक्शन और मेट्रो स्टेशन के पिलर नंबर 148 के पास सड़क धंसने की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। नगर निगम हेरिटेज क्षेत्र में आने के बावजूद तीन दिन बीत जाने पर भी निगम का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लापरवाही का आलम साफ नजर आ रहा है। धंसी सड़क पर अब तक तीन गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें से एक की गहराई 10 से 12 फीट तक मापी गई है।

ट्रैफिक को डायवर्ट करने की बजाय वन-वे कर दिया गया है, जिससे यहां लंबा जाम लग रहा है। स्थानीय निवासी शक्ति ने बताया कि दो दिन पहले रात के समय एक स्कूटी सवार व्यक्ति इस गड्ढे में गिर गया था। गनीमत रही कि आसपास के लोगों ने समय रहते उसे बाहर निकाल लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

शक्ति का कहना है कि सड़क पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक लोड के कारण सीवर लाइन धंस गई, जिससे यह गड्ढा बना। सबसे बड़ी चिंता यह है कि गड्ढे के पास ही मेट्रो का एक पिलर स्थित है, जिससे मेट्रो संरचना को भी खतरा हो सकता है। नगर निगम और मेट्रो प्रशासन की लापरवाही, भविष्य में किसी बड़े हादसे की भूमिका तैयार कर रही है।

Previous
Next

Related Posts