जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने वन एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरे प्रदेश में सघन पौधारोपण अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 50 पौधे लगाए जाएंगे। इस अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
राठौड़ ने बताया कि प्रदेश स्तरीय टोली की बैठक आयोजित कर इस अभियान की रूपरेखा तय की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी, और इसके लिए “पौध पालक” की नियुक्ति की जाएगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से हरित राजस्थान के लक्ष्य को साकार करने के लिए इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। राठौड़ ने कहा कि पौधरोपण कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि यह सामाजिक उत्तरदायित्व है, जिसमें सभी दलों के कार्यकर्ताओं और आमजन को शामिल होना चाहिए।
भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, प्रदेश प्रवक्ता अशोक सैनी, नारायण मीना, प्रेम सिंह बनवासा, श्याम शर्मा, नीलम गुर्जर और श्याम सिंह राजावत सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
भाजपा ने इस अभियान को संगठित रूप से संचालित करने के लिए सभी जिलों में जिला संयोजकों की नियुक्ति कर दी है और शीघ्र ही मंडल संयोजकों की भी घोषणा की जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक बूथ पर स्थानीय नेतृत्व के माध्यम से पौधों की निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।