Saturday, 29 August 2026

जयपुर के रामगंज में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में झड़प, सात लोग हिरासत में


जयपुर के रामगंज में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में झड़प, सात लोग हिरासत में

जयपुर के रामगंज इलाके के पहाड़गंज मोहल्ले में शनिवार रात मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। झगड़े के दौरान पथराव भी हुआ, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रात करीब 10:30 बजे इस घटना की सूचना कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 5 मिनट में मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत किया और रात करीब 1 बजे तक मामला पूरी तरह नियंत्रण में आ गया।

डीसीपी नॉर्थ राशि डोगरा ने बताया कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने 7 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

रामगंज थानाधिकारी सुभाष यादव ने बताया कि इलाके में अब शांति है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Previous
Next

Related Posts