



राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित प्राध्यापक भर्ती परीक्षा 2022 में पेपर लीक मामले की जांच में विशेष ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में SOG ने शुक्रवार को चार सरकारी स्कूल शिक्षकों को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में नागौर, चित्तौड़गढ़ और बाड़मेर जिलों के सरकारी विद्यालयों में प्राध्यापक (अर्थशास्त्र) के पद पर कार्यरत हैं।
ADG (SOG) वी.के. सिंह ने जानकारी दी कि इन चारों आरोपियों ने पेपर परीक्षा से पहले हासिल कर न सिर्फ खुद परीक्षा पास की, बल्कि दूसरों को भी लीक पेपर उपलब्ध कराया। इन पर संदेह है कि ये लीक नेटवर्क से जुड़े हुए थे। इन्हें कोर्ट में पेश कर 14 जुलाई 2025 तक रिमांड पर भेजा गया है।
SOG की जांच में सामने आया कि अर्थशास्त्र विषय का पेपर परीक्षा से पहले लीक हुआ था। इस मामले में वर्ष 2025 में एक FIR दर्ज की गई थी, और अब तक कुल 14 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
गिरफ्तार आरोपी शिक्षक इस प्रकार हैं:
रोशन बांगड़वा – प्राध्यापक (अर्थशास्त्र), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बासनी, नागौर।
वैदेही मीणा – प्राध्यापक (अर्थशास्त्र), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्लॉक भोपालसागर, चित्तौड़गढ़।
ओमप्रकाश – प्राध्यापक (अर्थशास्त्र), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पांचौड़ी, नागौर।
पदमा – प्राध्यापक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सनावड़ा, बाड़मेर।
इस मामले में SOG अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।