Saturday, 29 August 2026

भजनलाल शर्मा पांच साल नहीं रहेंगे मुख्यमंत्री : डोटासरा का दावा, कहा- अक्षम नेतृत्व से प्रदेश का हो रहा बेड़ागर्क


भजनलाल शर्मा पांच साल नहीं रहेंगे मुख्यमंत्री : डोटासरा का दावा, कहा- अक्षम नेतृत्व से प्रदेश का हो रहा बेड़ागर्क

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया। डोटासरा ने कहा कि भजनलाल शर्मा किसी भी सूरत में पांच साल तक मुख्यमंत्री नहीं रह सकते। उन्होंने दावा किया कि हालांकि भाजपा की सरकार पांच साल चलेगी, लेकिन प्रदेश को इससे केवल तकलीफ ही मिलेगी।

डोटासरा ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि अशोक गहलोत को सीएम को हटाने संबंधी इनपुट होंगे। “पर्ची कब बदलती है, देखते रहिए,” कहकर उन्होंने इशारों में सीएम बदलने की संभावना जताई। उन्होंने मौजूदा सरकार पर अनिर्णय की स्थिति, अक्षम नेतृत्व और भीतरघात की राजनीति करने का आरोप लगाया। डोटासरा ने कहा, “ऊपर से कच्ची पर्ची आई है, जिसने प्रदेश का बेड़ागर्क कर दिया है। बीजेपी नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हैं। यह राजस्थान का दुर्भाग्य है।”

उन्होंने राजनीतिक द्वेष को लेकर भी बीजेपी सरकार पर हमला बोला। हनुमान बेनीवाल को बंगला खाली करवाने के नोटिस और बिजली कनेक्शन काटने के सवाल पर डोटासरा ने कहा, “उनका तो सिर्फ कनेक्शन कटा है, मेरे यहां तो ईडी भेजी गई थी।” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और विपक्षी नेताओं के खिलाफ राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई कर रही है।

डोटासरा ने स्पष्ट किया कि चाहे वह स्वयं हों या हनुमान बेनीवाल—भाजपा सभी के खिलाफ एक जैसे ही दुर्भावनापूर्ण तरीके से पेश आती है। उन्होंने कहा, “इनकी विदाई तय है, आने वाला समय परिवर्तन का संकेत दे रहा है।”

Previous
Next

Related Posts