



जयपुर। लंदन में आयोजित 12 वें 'भारत गौरव अवार्ड' समारोह के अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह को संबोधित किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी विदेश नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कुशल कूटनीति और मजबूत नेतृत्व के कारण भारत आज विश्व के सबसे सम्मानित और प्रभावशाली राष्ट्रों की पंक्ति में खड़ा है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने यह भी कहा कि यह आयोजन सिर्फ भारतीय प्रतिभाओं को सम्मान देने का अवसर नहीं है, बल्कि भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच मजबूत संबंधों का भी प्रतीक है। समारोह में देश और विदेश की 25 प्रतिभाओं को 'भारत गौरव अवार्ड' से सम्मानित किया गया, जिन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और दुपट्टा भेंट कर गौरवान्वित किया गया।
शर्मा ने बताया कि राजस्थान राज्य, जो अपनी संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और आतिथ्य के लिए जाना जाता है, अब “राइजिंग राजस्थान” के रूप में वैश्विक निवेश और नवाचार का केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य को अब तक ₹35 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो रोजगार और समृद्धि की अपार संभावनाओं के द्वार खोलते हैं।
मुख्यमंत्री ने खनन, पर्यटन, शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्रों में राज्य की प्रगति को रेखांकित करते हुए प्रवासी भारतीयों से आग्रह किया कि वे राजस्थान लौटें और निवेश करके प्रदेश की विकास यात्रा का हिस्सा बनें।
समारोह में लंदन के हाउस ऑफ कॉमन्स में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में 18 देशों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। लंदन के सांसद नवेंदु मिश्रा, बैरोनेस संदीप वर्मा, श्री रामी रेंजर, पूर्व मेयर सुनील चोपड़ा, पूर्व सांसद वीरेंद्र शर्मा तथा संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा समेत कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 'भारत गौरव अवार्ड' हमारी एकता, विविधता और वैश्विक मंच पर बढ़ती भारतीय पहचान का प्रतीक है।