



जयपुर — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने 3 जुलाई को आदेश जारी कर राजीव शर्मा को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त कर दिया है। राजीव शर्मा वर्तमान में दिल्ली में कार्यरत थे, जहां से वे आज कार्यमुक्त होकर सायं 5:30 बजे जयपुर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे।
पुलिस मुख्यालय में उनके आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा, जिसके बाद वे औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत पश्चात राजीव शर्मा अधीनस्थ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर प्रदेश में पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और अन्य विभागीय कार्यों की जानकारी लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, राजीव शर्मा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी औपचारिक भेंट कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, अगले दिन उनकी राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से भी शिष्टाचार मुलाकात संभावित है। नई नियुक्ति के साथ ही प्रदेश में पुलिस प्रशासन को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
