जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग द्वारा सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कई सार्थक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर को संगठन ने जनसेवा और सकारात्मक कार्यों के माध्यम से ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया।
प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे मानसरोवर स्थित पारसश्रेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर की गई। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।
पूजा-अर्चना के पश्चात भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, प्रदेश मीडिया पदाधिकारी आकाश शर्मा, कपिल गुरदासवानी, शिव चौधरी, प्रीत मिश्रा, आदित्य शर्मा, एवं मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में सघन पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इसके बाद जनसेवा की भावना के अंतर्गत मानसरोवर क्षेत्र की कच्ची बस्तियों और जयपुरिया अस्पताल में आमजन को फल वितरित किए गए। वहीं, भाजपा प्रदेश कार्यालय में 51 किलो का लड्डू भगवान को अर्पित कर प्रसाद का वितरण किया गया। इस आयोजन ने भक्ति, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के मेल का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रमोद वशिष्ठ ने बताया कि मदन राठौड़ का जन्मदिवस भाजपा के लिए केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रेरणा का दिन होता है। इसे सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में मनाना पार्टी की संघनिष्ठ विचारधारा को दर्शाता है। कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना और कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करना है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, अजीत माँडन, मिथिलेश गौतम, स्टेफी चौहान, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन की विचारधारा के अनुरूप सेवा कार्यों में भागीदारी की।