



झालावाड़। झालावाड़ जिले की बकानी पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बड़बड़ के लक्ष्मीपुरा गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय इन दिनों शिक्षा का मंदिर कम और बारिश का तालाब अधिक नजर आ रहा है। पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद विद्यालय पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। स्कूल परिसर में जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
विद्यालय में ग्रेवल या पक्के फर्श की कमी के कारण परिसर कीचड़ में तब्दील हो चुका है। स्थिति यह है कि बच्चे सामान्य रूप से कक्षाओं तक पहुंच भी नहीं पा रहे। आज छात्रों को पास के एक निजी मकान में बैठाकर पढ़ाई कराई गई, जिससे शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर होती है।
स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कई बार प्रशासन और ग्राम पंचायत को लिखित और मौखिक रूप से समस्या से अवगत कराया गया, यहां तक कि कई समाचार पत्रों में भी इस समस्या को प्रकाशित किया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। न तो प्रशासन की ओर से प्रतिक्रिया आई, और न ही ग्राम पंचायत बड़बड़ की तरफ से कोई ठोस कदम उठाया गया है।
समस्त ग्रामवासी लक्ष्मीपुरा की ओर से विधायक व ग्राम पंचायत से विनम्र निवेदन किया है कि विद्यालय की दशा को देखते हुए तत्काल नाले का निर्माण कराया जाए और जल निकासी के स्थायी समाधान की व्यवस्था की जाए। यह न केवल शिक्षा की मूलभूत आवश्यकताओं को पूर्ण करेगा, बल्कि बच्चों की स्वास्थ्य व सुरक्षा से भी जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है।
ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र कोई कार्यवाही नहीं की गई, तो वे जनआंदोलन और प्रशासनिक स्तर पर शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर होंगे।