अहमदाबाद। अहमदाबाद के ऐतिहासिक जमालपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार सुबह भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा भव्य उत्सव के साथ प्रारंभ हुई। सुबह मंगला आरती के दौरान गृह मंत्री अमित शाह अपने परिवार सहित मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। भगवान को खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया।
सुबह 5 बजे से 6 बजे के बीच मंदिर में पारंपरिक विधि से भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा जी की मूर्तियों को रथ पर विराजित किया गया। इसके बाद सुबह 7:30 बजे रथ यात्रा की विधिवत शुरुआत हुई।
रथ यात्रा प्रारंभ करने से पहले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘पाहिंद विधि’ (रथ के मार्ग की स्वच्छता के प्रतीक रूप में सोने का झाड़ू लगाना) संपन्न की। यह परंपरा दर्शाती है कि भगवान स्वयं सबसे पहले होते हैं और राजा भी उनके सेवक के रूप में कार्य करता है।
रथ यात्रा पूरे दिन अहमदाबाद के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी और रात्रि करीब 8:30 बजे भगवान पुनः मंदिर लौटेंगे।