Saturday, 29 August 2026

जयपुर में एआई से 10 वीं की छात्रा का फर्जी अश्लील वीडियो वायरल, दो गिरफ्तार


जयपुर में एआई से 10 वीं की छात्रा का फर्जी अश्लील वीडियो वायरल, दो गिरफ्तार

जयपुर। जयपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के घातक दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 10वीं में पढ़ने वाली एक छात्रा का उसके पिता के साथ कथित रूप से अश्लील वीडियो तैयार कर वायरल कर दिया गया। वीडियो को एआई तकनीक से मॉर्फ कर बनाया गया था।

यह घटना मानसरोवर थाना क्षेत्र की है। पीड़ित छात्रा की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ युवक उनकी बेटी और स्वयं के बारे में सोशल मीडिया पर अश्लील टिप्पणियां कर रहे हैं और बलात्कार की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दो आरोपियों को गुजरात और दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने AI आधारित डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर पीड़िता की छवि से छेड़छाड़ की और एक फर्जी अश्लील वीडियो तैयार किया। वीडियो को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर मानसिक उत्पीड़न किया गया।

एक आरोपी नाबालिग है, जिसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। कोर्ट ने उसकी मनोवैज्ञानिक दशा को देखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया। वहीं बालिग आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ IPC, IT Act और पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह मामला एआई टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग से उत्पन्न हो रहे नये प्रकार के साइबर अपराधों का प्रतिनिधि उदाहरण है।

Previous
Next

Related Posts