Thursday, 26 June 2025

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी फ्रांस-जर्मनी संसदीय यात्रा से लौटे, लोकतंत्र पर भारतीय दृष्टिकोण को रखा वैश्विक मंच पर


राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी फ्रांस-जर्मनी संसदीय यात्रा से लौटे, लोकतंत्र पर भारतीय दृष्टिकोण को रखा वैश्विक मंच पर

जयपुर — राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सात दिवसीय फ्रांस और जर्मनी की संसदीय अध्ययन यात्रा पूर्ण कर आज जयपुर लौट आए। यह यात्रा राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) के तत्वाधान में आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य दोनों देशों की संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और कार्यप्रणालियों का गहन अध्ययन करना था।

देवनानी गुरुवार को तड़के दिल्ली से फ्लाइट द्वारा जयपुर पहुंचे, जहां विधानसभा अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। विशिष्ट सहायक के के शर्मा के साथ विधानसभा सचिवालय के अन्य अधिकारी भी जयपुर एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

इस यात्रा के दौरान देवनानी ने फ्रांस और जर्मनी के संसद भवनों, अकादमिक संस्थानों और सांस्कृतिक स्थलों का दौरा किया। उन्होंने वरिष्ठ सांसदों, नीति-निर्माताओं और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रवासी भारतीयों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

देवनानी ने कहा कि उन्होंने इस यात्रा के माध्यम से भारत की लोकतांत्रिक चेतना और राजस्थान की सांस्कृतिक आत्मा को यूरोपीय मंचों पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि “राजस्थान कोई साधारण भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि विश्व संस्कृति का वाहक है। लोकतंत्र के आधुनिक स्वरूप को हमने भारतीय परंपरा, सहिष्णुता और सहभागिता के मूल्यों से जोड़ते हुए एक नया विमर्श आरंभ किया है।”

देवनानी ने बताया कि इस यात्रा से उन्हें राज्य के लिए 'राजस्थान 2047 – वैश्विक नेतृत्व की ओर' दृष्टिकोण को सशक्त बनाने के कई विचार और प्रेरणाएं प्राप्त हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा राज्य के युवाओं, नीति-निर्माताओं और सिविल सोसाइटी के लिए एक प्रेरणा स्रोत बनेगी।

Previous
Next

Related Posts