Saturday, 29 August 2026

चारधाम यात्रा पर निकला उदयपुर-गोगुंदा का परिवार हादसे का शिकार, बस अलकनंदा में गिरी; 1 की मौत, 12 लापता


चारधाम यात्रा पर निकला उदयपुर-गोगुंदा का परिवार हादसे का शिकार, बस अलकनंदा में गिरी; 1 की मौत, 12 लापता

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड) — उदयपुर और गोगुंदा से चारधाम यात्रा पर निकला एक परिवार गुरुवार को भीषण हादसे का शिकार हो गया। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के पास अलकनंदा नदी में बस गिर जाने से भारी जनहानि की आशंका है। हादसा उस समय हुआ जब यात्रा कर रही बस गुरुवार सुबह करीब 8 बजे बद्रीनाथ के लिए रवाना हुई थी और घोलतीर क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर पड़ी।

बस में कुल 20 यात्री सवार थे, जिनमें से 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 12 यात्री अब भी लापता हैं। अब तक 1 यात्री के शव की पुष्टि हुई है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि यह परिवार गोगुंदा निवासी ललित सोनी और उनके रिश्तेदारों का था, जिसमें ललित की पत्नी, उनके चार बच्चे, दो बहनें, और उदयपुर निवासी काका के लड़के का परिवार भी शामिल था। सभी कुछ दिन पहले चारधाम यात्रा के लिए निकले थे।

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर और गोगुंदा से परिजन तत्काल उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार के सदस्यों की पहचान की प्रक्रिया और शेष लापता लोगों की तलाश जारी है। हादसे की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है, लेकिन यह माना जा रहा है कि पहाड़ी मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ गया।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को सहायता देने की घोषणा की है और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। हादसे ने पूरे गोगुंदा क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है, जहां लोग अपने परिचितों की कुशलता की दुआ कर रहे हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts