Thursday, 26 June 2025

"आपातकाल लोकतंत्र की हत्या थी, कांग्रेस आज भी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है": भजनलाल शर्मा


"आपातकाल लोकतंत्र की हत्या थी, कांग्रेस आज भी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है": भजनलाल शर्मा

जयपुर। भारतीय लोकतंत्र के सबसे काले अध्याय आपातकाल की 50 वीं वर्षगांठ पर राजधानी जयपुर स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित संविधान हत्या दिवस एवं लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने आपातकाल के विरुद्ध संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को नमन करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि “25 जून 1975 को कांग्रेस ने सत्ता के मोह में संविधान का गला घोंट दिया, लोकतंत्र को कुचला और पूरे देश में भय व दमन का माहौल बना दिया। यह सिर्फ अतीत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए चेतावनी है कि लोकतंत्र के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।” उन्होंने कहा कि 1.40 लाख से अधिक लोकतंत्र सेनानियों को 19 माह तक जेलों में रखा गया, हजारों परिवार टूट गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान सरकार लोकतंत्र सेनानियों को ₹20,000 प्रतिमाह पेंशन और सम्मान निधि दे रही है। यह सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके संघर्षों के प्रति सम्मान है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी ने हमेशा जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति की है।

प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने आपातकाल को देश के इतिहास का सबसे क्रूर शासनकाल बताया। उन्होंने कहा कि “इंदिरा गांधी ने 1971 में चुनाव के दौरान सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया, कर्मचारियों को चुनाव एजेंट बनाया, और जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 12 जून 1975 को उन्हें अयोग्य ठहराया, तो उन्होंने इस्तीफा देने के बजाय आपातकाल थोप दिया।”

राठौड़ ने कहा कि “उस दौर में भारत माता की जय बोलने वालों को भी जेल में डाल दिया गया। विपक्ष को कुचला गया, मौलिक अधिकारों को धारा 38 और 39 के तहत निलंबित किया गया। कांग्रेस ने लोकतंत्र को कैद कर दिया और आज वही पार्टी संविधान बचाने की दुहाई दे रही है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के लिए सम्मान राशि शुरू की, जिसे कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही बंद कर दिया, लेकिन भजनलाल सरकार ने पुनः शुरू कर इन्हें न्याय दिलाया है।

समारोह के दौरान लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया। मंच पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, और विधायक गोपाल शर्मा भी मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts