Tuesday, 24 June 2025

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के बीच जल प्रबंधन पर महत्वपूर्ण वार्ता, भिवाड़ी निकासी समस्या व यमुना जल परियोजना पर बनी सहमति


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के बीच जल प्रबंधन पर महत्वपूर्ण वार्ता, भिवाड़ी निकासी समस्या व यमुना जल परियोजना पर बनी सहमति

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी के बीच मंगलवार को फोन पर भिवाड़ी क्षेत्र में वर्षा जल निकासी की समस्या और यमुना जल समझौते की प्रगति को लेकर गहन चर्चा हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पारस्परिक सहयोग से इन दीर्घकालिक समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने पर सहमति जताई है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि भिवाड़ी की भौगोलिक स्थिति के कारण मानसून के दौरान पानी हरियाणा की ओर बहता है, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। इस चुनौती से निपटने के लिए दोनों राज्यों के बीच तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर समन्वय से कार्य योजना तैयार की जा रही है।

राजस्थान सरकार द्वारा भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र के अपशिष्ट जल के पूर्ण शोधन की व्यवस्था लागू कर दी गई है और इसकी कड़ाई से अनुपालना भी सुनिश्चित की जा रही है। अब भिवाड़ी इंटीग्रेटेड डवलपमेंट अथॉरिटी (बीडा) द्वारा शोधित जल के उपयोग की डीपीआर तैयार की जा रही है, ताकि वर्षा जल और शोधित जल को अलग-अलग संग्रहित और प्रवाहित किया जा सके।

जल संसाधन विभाग और बीडा संयुक्त रूप से एक अध्ययन कर रहे हैं, जिसके तहत उन बांधों की पहचान की गई है जिनमें प्राकृतिक जलग्रहण नहीं है, लेकिन उन्हें जल भंडारण के लिए उपयुक्त रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। लगभग 250 एमसीएफटी क्षमता की इस प्रणाली के लिए प्रारंभिक सर्वे व उपयुक्तता रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

यमुना जल लाने की परियोजना पर चर्चा करते हुए दोनों मुख्यमंत्रियों ने हथनीकुंड बैराज से राजस्थान तक जल लाने की संयुक्त डीपीआर को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री शर्मा ने निर्देश दिए कि इसके लिए कंसल्टेंट का चयन कर इस माह के अंत तक कार्यादेश जारी किया जाए, ताकि मानसून काल का उपयोग अलाइनमेंट सर्वे के लिए किया जा सके। उन्होंने छह माह के भीतर डीपीआर तैयार कर ठोस क्रियान्वयन योजना प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

यह संवाद दोनों राज्यों के बीच जल संबंधी पुराने मुद्दों को संवाद, तकनीकी समाधान और पारस्परिक विश्वास से सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Previous
Next

Related Posts