



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भुवनेश्वर में आयोजित एक भव्य समारोह में ओडिशा में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर लोगों को बधाई दी और इसे गुड गवर्नेंस की वर्षगांठ करार दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार (केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार) के चलते राज्य की जनता को दोगुना लाभ मिल रहा है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से हुई हालिया बातचीत का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया, “दो दिन पहले जब मैं जी-7 सम्मेलन में भाग लेने कनाडा गया था, तब राष्ट्रपति ट्रम्प ने फोन कर मुझे डिनर के लिए आमंत्रित किया। लेकिन मैंने नम्रतापूर्वक मना कर दिया और कहा कि मुझे महाप्रभु की धरती पर जाना है। आपके स्नेह और महाप्रभु की भक्ति ने मुझे यहां खींच लाया।”
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने 2036 तक विकसित ओडिशा और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक विजन डॉक्यूमेंट भी जारी किया। इस डॉक्यूमेंट में राज्य की अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी विकास के लिए महत्वाकांक्षी योजनाएं शामिल हैं।
पीएम मोदी ने एयरपोर्ट से जनता मैदान तक एक भव्य रोड शो भी किया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। उन्होंने ओडिशा की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समर्थन और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
