Sunday, 22 June 2025

सनातन धर्म रक्षा संघ ने साध्वी अनादि सरस्वती के नेतृत्व में किया जय अंबे वृद्ध आश्रम का दौरा, सेवा कार्यों की सराहना


सनातन धर्म रक्षा संघ ने साध्वी अनादि सरस्वती के नेतृत्व में किया जय अंबे वृद्ध आश्रम का दौरा, सेवा कार्यों की सराहना

अजमेर स्थित जय अंबे वृद्ध आश्रम का सनातन धर्म रक्षा संघ, अजयमेरू राजस्थान के तत्वावधान में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा अवलोकन किया गया। इस दौरे का नेतृत्व साध्वी अनादि सरस्वती ने किया। दौरे के दौरान प्रतिनिधियों ने आश्रम में निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों की दिनचर्या, स्वास्थ्य, भोजन, शयन व्यवस्था और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

जय अंबे सेवा समिति की ओर से बृजेश गौड़ ने सभी सदस्यों को आश्रम की गतिविधियों से अवगत कराया। अतिथियों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर स्वागत किया गया और माता रानी की पूजा-अर्चना संपन्न की गई।

संघ के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त जिला सत्र न्यायाधीश अजय शर्मा ने आश्रम की स्वच्छता, अनुशासन और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थान वृद्धजन आश्रम नहीं, अपितु वरिष्ठ अनुभवी समाज का केंद्र है। उन्होंने समिति को इस उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए धन्यवाद दिया।

उल्लेखनीय है कि जय अंबे वृद्ध आश्रम में केवल लाचार या परित्यक्त वृद्धजन ही नहीं, बल्कि कई वरिष्ठ नागरिक स्वेच्छा से यहाँ निवास कर सेवा और आत्मिक शांति के उद्देश्य से सक्रिय भागीदारी करते हैं।

इस अवसर पर संघ के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. कुलदीप शर्मा, इंजीनियर अशोक शर्मा, देवेंद्र त्रिपाठी, डॉ. लाल थदानी, एडवोकेट राजेश शर्मा, सुरेश शर्मा, इंदर सिंह पवार, राम सिंह उदावत, महावीर कुमावत, अरुणा भास्कर और ओमप्रकाश टांक शामिल थे।

कार्यक्रम के अंत में संघ पदाधिकारियों ने जय अंबे सेवा समिति का आभार व्यक्त किया और समाज से ऐसे सेवा स्थलों को संवेदना और प्रेरणा के केंद्र के रूप में अपनाने की अपील की।

Previous
Next

Related Posts