



जयपुर में नकली करेंसी का बड़ा मामला सामने आया है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की सूचना पर जयपुर ग्रामीण पुलिस ने अमरसर थाना क्षेत्र में एक युवक को 4 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ डिटेन किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी यह नकली नोट जयपुर में सप्लाई करने के इरादे से लाया था।
एसओजी को पहले ही सूचना मिली थी कि नकली नोटों की बड़ी खेप जयपुर पहुंचाई जानी है। इस पर सतर्कता बरतते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध की पहचान की और रणनीति के तहत जयपुर ग्रामीण एसपी के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी युवक की तलाशी के दौरान 4 लाख के नकली नोट जब्त किए हैं। इसके साथ ही आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर दिया गया है, ताकि उसके नेटवर्क और बातचीत की जानकारी ली जा सके।
एडीजी एसओजी वीके सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी यह नोट कहां से लेकर आया था और जयपुर में किसे डिलीवर करने वाला था। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिसके आधार पर नकली नोटों के गिरोह का खुलासा संभव है।