नई दिल्ली। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत में अब सुधार हो रहा है। उन्हें पेट में संक्रमण के चलते 15 जून की रात 9 बजे सर गंगाराम हॉस्पिटल, नई दिल्ली के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और इलाज सुचारू रूप से जारी है।
अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने मंगलवार को जानकारी दी कि सोनिया गांधी की सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और उन्हें एहतियातन अभी निगरानी में ही रखा गया है। उनके खानपान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हालांकि उन्हें फिलहाल डिस्चार्ज नहीं किया जा रहा है, ताकि संक्रमण पूरी तरह ठीक हो सके।
डॉ. एस. नंदी और डॉ. अमिताभ यादव, सोनिया गांधी के इलाज में मुख्य रूप से जुटे हुए हैं और उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी कर रहे हैं।
इससे पहले, सोनिया गांधी की तबीयत शिमला में भी बिगड़ गई थी, जहां वे बेटी प्रियंका गांधी के फार्महाउस पर छुट्टियां बिताने गई थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली लाया गया और अस्पताल में भर्ती किया गया।