



जयपुर/अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं मुख्य परीक्षा-2024 का आयोजन मंगलवार और बुधवार (17-18 जून) को प्रदेश के दो प्रमुख शहरों जयपुर और अजमेर में किया जा रहा है। परीक्षा का संचालन जयपुर के 48 और अजमेर के 29 परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है, जहां कुल 77 केंद्रों पर 21,440 अभ्यर्थी परीक्षा में भाग ले रहे हैं।
परीक्षा का आयोजन दो पारियों में हो रहा है—प्रथम पारी सुबह 9:00 से दोपहर 12:00 बजे तक, जबकि द्वितीय पारी दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक संपन्न होगी। RPSC द्वारा सभी केंद्रों पर सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रत्येक केंद्र पर निगरानी हेतु फ्लाइंग स्क्वॉड, वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी कैमरों की तैनाती की गई है।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। परीक्षा को लेकर जयपुर और अजमेर में यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रूप से संचालित करने हेतु प्रशासनिक सतर्कता बरती जा रही है।