Monday, 16 June 2025

SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक: उदयपुर के CDEO बुद्धिसागर उपाध्याय और बेटे आदित्य गिरफ्तार, 10 लाख में लिया था पेपर


SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक: उदयपुर के CDEO बुद्धिसागर उपाध्याय और बेटे आदित्य गिरफ्तार, 10 लाख में लिया था पेपर

सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा 2021 के पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में उदयपुर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (CDEO) बुद्धिसागर उपाध्याय और उनके बेटे आदित्य उपाध्याय, जो कि वर्तमान में ट्रेनी SI हैं, को गिरफ्तार किया गया है।

SOG की जांच में खुलासा हुआ कि बुद्धिसागर उपाध्याय ने पूर्व में गिरफ्तार टीचर कुंदन कुमार पंड्या से लीक हुआ पेपर 10 लाख रुपए में खरीदा था। उसी पेपर को पढ़कर उनका बेटा आदित्य उपाध्याय SI भर्ती परीक्षा पास कर गया और टीएसपी क्षेत्र में 19वीं रैंक हासिल की। बुद्धिसागर उस समय भिनाय, अजमेर में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी थे और 23 मई 2025 को उदयपुर में CDEO के रूप में कार्यभार संभाला था।

सूत्रों के मुताबिक, बुद्धिसागर उपाध्याय का संपर्क कुंदन पंड्या से तब हुआ जब वह जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग (TAD), उदयपुर में प्रतिनियुक्ति पर थे। उस दौरान कुंदन पंड्या हॉस्टल वार्डन के पद पर था, और वहीं पूर्व RPSC सदस्य बाबूलाल कटारा भी सेवारत थे। यहीं से कुंदन और बुद्धिसागर के बीच पेपर की डील फाइनल हुई।

इससे पहले SOG ने AAO पुरुषोत्तम, संदीप और कुंदन पंड्या को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि बाबूलाल कटारा ने इन तीनों को पेंशन फाइलिंग में मदद के बदले लीक पेपर दिया था। इन लोगों ने पेपर को 10-10 लाख रुपए में कई उम्मीदवारों को पढ़ाया, जिसमें अब तक पांच अभ्यर्थियों—रेनू, सुरेंद्र बगड़िया, विजेंद्र, सुरजीत और मनीष दाधीच के नाम सामने आए हैं।

कुंदन पंड्या ने रिमांड के दौरान खुलासा किया कि बुद्धिसागर ने बेटे के लिए पेपर लिया था। इसके बाद बुद्धिसागर और उनके बेटे आदित्य की गिरफ्तारी हुई। पूछताछ में कुछ और संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है। गौरतलब है कि बुद्धिसागर उपाध्याय पूर्व में TAD विभाग में घोटाले के एक प्रकरण में विभागीय कार्रवाई का सामना भी कर चुके हैं।

Previous
Next

Related Posts