अहमदाबाद विमान हादसे में एक मार्मिक कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। हादसे में मृतकों में एक व्यक्ति अर्जुन पटोलिया भी शामिल हैं, जो अपनी पत्नी की अस्थियां उनके पैतृक गांव के तालाब में विसर्जित करने के लिए भारत आए थे। पत्नी की अंतिम इच्छा पूरी करने के बाद वे वापस लंदन लौट रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था — वे विमान हादसे का शिकार हो गए और उनकी मौत हो गई।
अर्जुन पटोलिया मूल रूप से गुजरात के सूरत के रहने वाले थे। वे 2009 से अपनी पत्नी भारती के साथ लंदन में रह रहे थे और वहीं की एक की-चेन मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में कार्यरत थे। दंपति की दो बेटियां हैं — एक 8 साल की और दूसरी 4 साल की, जो वर्तमान में लंदन में अपनी दादी के साथ हैं।
अर्जुन की पत्नी भारती पिछले तीन वर्षों से सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित थीं। काफी संघर्ष के बाद 23 मई 2025 को उनका निधन हो गया। अंतिम संस्कार लंदन में ही किया गया था, लेकिन भारती की अंतिम इच्छा थी कि उनकी अस्थियां भारत के पैतृक गांव के तालाब में प्रवाहित की जाएं। इसी को पूरा करने के लिए अर्जुन भारत आए थे।
उन्होंने भारत आकर अस्थि विसर्जन और अंतिम रस्में पूरी कीं। वे जैसे ही लौटने के लिए विमान में सवार हुए, हादसे का शिकार हो गए।
परिजनों के अनुसार, अर्जुन के पिता का पहले ही देहांत हो चुका था। अब उनके परिवार में केवल मां और दोनों नन्हीं बेटियां ही बची हैं, जिनके ऊपर से एक ही झटके में माता-पिता दोनों का साया उठ गया।