



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय, जयपुर में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने राज्य में चल रहे ₹10 करोड़ से अधिक लागत के लंबित निर्माण प्रोजेक्ट्स की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य के आधारभूत ढांचे के विकास से समग्र विकास को गति मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर गांव और कस्बा सुगम सड़क मार्ग से जुड़ा हो। उन्होंने कहा कि सड़कों के उन्नयन, चौड़ाईकरण और मरम्मत कार्यों को मानसून से पहले पूर्ण करने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से समयबद्ध समन्वय की आवश्यकता जताई।
बैठक में मुख्यमंत्री शर्मा ने यह भी कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि राजस्थान को जल्द से जल्द रेलवे फाटकों से मुक्त किया जाए। इसके लिए आरओबी (रेल ओवरब्रिज) और आरयूबी (रेल अंडरब्रिज) निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने इन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में PWD के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा विभागीय प्रोजेक्ट्स की विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।