



अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भयावह विमान हादसे में 241 लोगों की मौत के बीच एक चमत्कारिक घटना सामने आई है। हादसे में जिंदा बचे इकलौते यात्री रमेश विश्वास कुमार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सिविल अस्पताल में मुलाकात की। पीएम मोदी ने रमेश का हालचाल जाना और हादसे के बारे में विस्तार से पूछा।
रमेश विश्वास कुमार, जो फ्लाइट में 11A सीट पर बैठे थे, ने बताया कि "विमान जैसे ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ, मेरी तरफ का दरवाजा जोरदार झटके से अलग हो गया। उस वक्त मैंने खुद को किसी तरह संयम में रखते हुए सीटबेल्ट खोली और बाहर भाग गया।" रमेश को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।
उन्होंने कहा, "मैं अब भी सोच नहीं पा रहा कि मैं कैसे बच गया। ऐसा लग रहा है जैसे किसी चमत्कार से मेरी जान बची।" पीएम मोदी ने उन्हें ढांढ़स बंधाया और अस्पताल प्रशासन से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह मुलाकात उन तमाम लोगों के लिए उम्मीद की किरण है, जिनके प्रियजनों ने इस हादसे में जान गंवाई। रमेश की साहसिकता और जीवटता ने सबको आश्चर्यचकित किया है।