



अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। लंदन के लिए उड़ान भर रहे इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 12 क्रू मेंबर्स शामिल थे। हादसा टेक-ऑफ के दौरान हुआ, जब विमान एयरपोर्ट की दीवार से टकराकर क्रैश हो गया और उसमें भीषण आग लग गई।
पहले आई खबरों में कहा गया था कि विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है, लेकिन अब पुलिस कमिश्नर की ओर से पुष्टि की गई है कि दो लोग इस हादसे में जीवित बचे हैं।
हादसे में जीवित बचे यात्रियों में एक नाम सामने आया है — भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार, जो सीट नंबर 11-A पर बैठे थे। उनका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे घटनास्थल से झुलसे हुए पर होश में नजर आ रहे हैं।
दूसरे यात्री की पहचान अभी नहीं हो सकी है, लेकिन उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। सरकार और एयर इंडिया की ओर से जांच के आदेश दिए जा चुके हैं। DGCA और एयरक्राफ्ट एक्सिडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।