



बीकानेर उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बुधवार को बीकानेर में उद्योग, पर्यटन और जन जीवन विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बीकानेर की इंडस्ट्रियल यूनिट्स को जल्द ही गैस पाइपलाइन की सुविधा से जोड़ा जाएगा और बीकानेर को सिरेमिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
उद्योग मंत्री सर्किट हाउस में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में रीको (RIICO) और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रीको के पास फंड की कोई कमी नहीं है, और बीकानेर की जरूरतों के अनुरूप प्रस्ताव भेजे जाने पर पूरे संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उनका यह भी कहना था कि “इंडस्ट्री का पैसा इंडस्ट्री में ही लगना चाहिए”।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि बीकानेर में औद्योगिक, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य, जो वर्षों से लंबित हैं, अब प्राथमिकता के साथ पूरे किए जाएंगे। उन्होंने बीकानेर को नई औद्योगिक पहचान देने की बात कहते हुए सिरेमिक सेक्टर में संभावनाओं को रेखांकित किया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने की बात करते हुए कहा कि "हमारी संस्कृति में 11 का अंक शुभता का प्रतीक है। पिछले 11 वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी मोर्चे पर बड़ी छलांग लगाई है। भारत अब संपन्न राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।"