



सनातन धर्म रक्षा संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा आग्रह-पत्र।
पुष्कर के संरक्षण और संतुलित विकास की मांग।
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर महा आरती में पत्र का वाचन और जनसमर्थन।
नाथद्वारा की तरह परंपरा और आधुनिकता के संतुलन पर ज़ोर।
संघ ने श्रद्धा, पर्यावरण और आध्यात्मिक मूल्यों को प्राथमिकता देने की अपील की।
अजमेर सनातन धर्म रक्षा संघ, अजमेर ने पुष्कर की पवित्रता और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को एक विस्तृत आग्रह-पत्र भेजा है। पत्र में प्रधानमंत्री से अपील की गई है कि विश्वविख्यात तीर्थ पुष्कर के लिए भविष्य में जो भी विकास योजनाएँ तैयार की जाएं, वे श्रद्धा, परंपरा, पर्यावरण संतुलन और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखकर बनाई जाएं।
यह आग्रह-पत्र ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर पुष्कर के जयपुर घाट पर आयोजित महा आरती के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के समक्ष सार्वजनिक रूप से पढ़ा गया, जिसे जनसमूह की सहमति भी प्राप्त हुई। यह पत्र पुष्कर को केवल पर्यटन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि सनातन धर्म की आत्मा और भारत की तपोभूमि के रूप में संरक्षित रखने का एक भावनात्मक आह्वान है।
संघ के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने पत्र में लिखा है कि “यदि केवल भौतिक विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया और आध्यात्मिक गरिमा को अनदेखा किया गया, तो वह विकास अधूरा और खोखला होगा।” उन्होंने नाथद्वारा का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे वहां परंपरा और आधुनिकता के संतुलन के साथ विकास कार्य किया गया, और यही मॉडल पुष्कर में भी अपनाया जाना चाहिए।
संघ के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश शर्मा ने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य की किसी भी परियोजना में धार्मिक संरचना, सरोवर की शुचिता, और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को केंद्र में रखा जाए। उन्होंने चेताया कि विकास वही सार्थक है जो आध्यात्मिक मूल्यों को पोषित करे, अन्यथा वह संवेदनहीन और विनाशकारी सिद्ध हो सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित थे पूर्व प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय नीमकाथाना भवानी शंकर शर्मा राजकीय महाविद्यालय अजमेर की प्रोफेसर रश्मि शर्मा डॉक्टर कुलदीप शर्मा इंजीनियर अशोक शर्मा पंडित चंद्रशेखर गोद एडवोकेट अर्पित सांखला इंदर सिंह अरुण भास्कर महावीर कुमावत बाबूलाल जगदीश राम सिंह उदावत अर्चना गॉड यज्ञ नारायण गॉड ईशान गोद रवि शंकर गॉड नसीराबाद के चवन्नी लाल कचोरी वाले धीरज गुर्जर एडवोकेट रघु पारेख वंदना जैन अर्चना जैन पुत्रियां धर्मेश जैन प्रियंशॉ शर्मा शाहिद सैकड़ो लोग उपस्थित है पत्र का वचन प्रोफेसर रश्मि शर्मा राजकीय महाविद्यालय अजमेर ने किया यह कार्यक्रम जयपुर का संपन्न हुआ उसके पश्चात महा आरती संपन्न की गई।
