हाइलाइट्स:
भाजपा को 36 में से 28 सीटों पर जीत, कांग्रेस को सिर्फ 4 सीटें
जिला परिषद की 6 में से 5 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की विजय
पंचायत समिति में 18 में से 12 सीटों पर भाजपा का कब्जा
डोटासरा की सीट लक्ष्मणगढ़ में भी भाजपा की जीत
राजस्थान में हुए नगरीय निकायों और पंचायतीराज संस्थाओं के उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 36 में से 28 सीटों पर विजय हासिल की है। भाजपा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रिय नीतियों और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याणकारी योजनाओं की जीत बताया है।
भाजपा अध्यक्ष राठौड़ ने बताया कि इस उपचुनाव में भाजपा ने पहले से दोगुनी सीटें जीतकर स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता का भरोसा भाजपा की नीति, नीयत और नेतृत्व पर लगातार बढ़ रहा है। भाजपा के पास पहले 15 सीटें थीं, अब यह संख्या बढ़कर 28 हो गई है।
कांग्रेस के लिए यह उपचुनाव निराशाजनक रहा। जिन 15 सीटों पर पहले कांग्रेस काबिज थी, वहां से वह घटकर मात्र 4 सीटों तक सिमट गई। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह कांग्रेस के गिरते जनाधार और नेतृत्व की विफलता का परिणाम है।
भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा अपनी ही विधानसभा सीट लक्ष्मणगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी को नहीं जिता पाए। डोटासरा के क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया और भाजपा को समर्थन देकर स्पष्ट कर दिया कि अब झूठ और ढकोसलों की राजनीति नहीं चलेगी।
उन्होंने कहा कि उपचुनाव परिणामों से यह सिद्ध होता है कि प्रदेश की जनता अब विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के मुद्दों पर मतदान कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता और नेतृत्व इस विश्वास को और मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।