



जयपुर के श्याम नगर स्थित हरिहर मंदिर में रविवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य घनश्याम तिवाड़ी के पौत्रों के उपनयन संस्कार का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश और प्रदेश की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की और आशीर्वचन प्रदान किए। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ स्वयं अपनी धर्मपत्नी के साथ समारोह में उपस्थित हुए और बच्चों को शुभकामनाएं दीं।
इस धार्मिक एवं पारंपरिक आयोजन में सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मंत्री झाबर सिंह खर्रा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, और पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर रैवासा अग्रपीठाधीश्वर राजेन्द्र दास जी महाराज, योग गुरु स्वामी रामदेव, मेहंदीपुर बालाजी के महंत नरेश गिरी जी, प्रकाश दास महाराज एवं मोती डूंगरी गणेश मंदिर के महंत कैलाश शर्मा सहित अनेक संत-महात्माओं ने उपनयन संस्कार की विधि संपन्न करवाई और बच्चों को आशीर्वाद दिया।
राजेन्द्र दास जी महाराज ने उपनयन संस्कार को “आत्मिक जागृति एवं मूल्यों की स्थापना” का संस्कार बताया और कहा कि यह संस्कार बालक के जीवन में अनुशासन, आध्यात्मिकता और संस्कृति की नींव रखता है।