Saturday, 29 August 2026

रुद्रप्रयाग में हेलिकॉप्टर की सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग, कार पर गिरा रियर पार्ट, पायलट घायल


रुद्रप्रयाग में हेलिकॉप्टर की सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग, कार पर गिरा रियर पार्ट, पायलट घायल

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड):उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब एक हेलिकॉप्टर ने तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग की। घटना में हेलिकॉप्टर का पिछला हिस्सा टूटकर पास में खड़ी एक कार पर गिर गया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हेलिकॉप्टर बडासू हेलिपैड से केदारनाथ के लिए रवाना हुआ था, जिसमें पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। लैंडिंग के दौरान संतुलन बिगड़ने से हेलिकॉप्टर का रियर हिस्सा अलग हो गया और सड़क किनारे खड़ी एक कार पर जा गिरा। इस दौरान पायलट को हल्की चोटें आई हैं, जबकि बाकी सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। तत्काल सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पायलट को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रशासन ने हेलिकॉप्टर ऑपरेटर कंपनी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। प्राथमिक जांच में तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है। हादसे के समय यदि सड़क पर कोई वाहन चल रहा होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

गौरतलब है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु हेलिकॉप्टर सेवाओं का उपयोग करते हैं और ऐसे में इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts