श्रीकरणपुर:राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में "संविधान बचाओ रैली" का आयोजन आज श्रीकरणपुर (श्रीगंगानगर) में किया ।
रैली में कांग्रेस के कई सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री व संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। इस मौके पर डोटासरा ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि यह सरकार संविधान के प्रावधानों का खुला उल्लंघन कर रही है।
उन्होंने श्रीकरणपुर विधायक रूपिन्दर कुन्नर की प्रशंसा की, जिन्होंने अपने निजी कोष से ₹4 करोड़ खर्च कर नशा मुक्ति केंद्र बनवाया। डोटासरा ने इसे पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर के संस्कारों का परिणाम बताया।
डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार जिला प्रमुख चुनाव, पंचायत राज चुनाव और परिसीमन जैसे संवैधानिक दायित्वों से बच रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर निशाना साधते हुए कहा कि नकली बीज-खाद बेचने वाले व्यापारियों पर छापे तो पड़ रहे हैं, लेकिन किसानों से कोई संवाद नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डेढ़ साल में किसानों के हित में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया।
डोटासरा ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण, जातिगत जनगणना और वन स्टेट-वन इलेक्शन जैसे मुद्दों पर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो भी चुनाव पूर्व वादे किए थे, वे पूरा नहीं हुए – चाहे वो डीजल-पेट्रोल की कीमतें हों, रोजगार, या विकास कार्य।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-ढाणी जाकर भाजपा सरकार की विफलताओं और कुशासन को उजागर करें और आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दें।