



कोलकाता/भुवनेश्वर।तृणमूल कांग्रेस (TMC) की चर्चित और मुखर सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्ठ नेता और सुप्रीम कोर्ट के वकील पिनाकी मिश्रा से दूसरी शादी कर ली है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के मुताबिक, दोनों ने 3 मई को जर्मनी में विवाह किया। यह विवाह समारोह पूरी तरह निजी (प्राइवेट) रखा गया, और दोनों में से किसी ने भी इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
महुआ मोइत्रा, जो पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से दूसरी बार लोकसभा सांसद चुनी गई हैं, की उम्र 50 वर्ष है। वहीं, 65 वर्षीय पिनाकी मिश्रा, ओडिशा के पुरी से पूर्व सांसद रह चुके हैं और देश के जाने-माने वकील हैं।
हालांकि शादी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन TMC सांसद सायोनी घोष ने X (पूर्व ट्विटर) पर इस कपल को बधाई दी है, जिससे विवाह की खबर को और बल मिला है।
महुआ मोइत्रा इससे पहले डेनमार्क के फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से शादी कर चुकी थीं, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद वह सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई के साथ भी रिलेशनशिप में थीं, लेकिन बाद में विवादों के चलते वह रिश्ता भी टूट गया था।