Thursday, 05 June 2025

अजमेर शहर कांग्रेस में विवाद गहराया, धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भेजेगी जिला कांग्रेस


अजमेर शहर कांग्रेस में विवाद गहराया, धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भेजेगी जिला कांग्रेस

अजमेर शहर कांग्रेस में एक बार फिर आंतरिक मतभेद और गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। मंगलवार को विजयलक्ष्मी पार्क में आयोजित शहर कांग्रेस की बैठक में पूर्व RTDC अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ खुले रूप से विरोध दर्ज किया गया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने बैठक में कहा कि धर्मेंद्र राठौड़ पिछले 5 वर्षों से कांग्रेस संगठन को कमजोर करने और कार्यकर्ताओं में विभाजन पैदा करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राठौड़ ने अजमेर में एक "पैरेलल कांग्रेस" तैयार कर रखी है, जिससे स्थानीय संगठन दो फाड़ हो चुका है।

विजय जैन ने यह भी बताया कि बैठक में यह मुद्दा सर्वसम्मति से उठाया गया और कार्यकर्ताओं ने निंदा प्रस्ताव पारित किया, जिसे अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) को भेजा जाएगा। साथ ही इस मसले की जानकारी राष्ट्रीय नेतृत्व को भी दी जाएगी। कांग्रेस का विधानसभा चुनाव लड़ चुके महेंद्र सिंह रलावता ने भी धर्मेंद्र राठौर का विरोध किया।

बैठक में यह भी चर्चा हुई कि धर्मेंद्र राठौड़ द्वारा मनमाने तरीके से कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं को रोकने, पदाधिकारियों की अनदेखी करने और संगठन को नियंत्रित करने की कोशिशों से कांग्रेस को लगातार नुकसान हुआ है।

विजय जैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "अजमेर का कार्यकर्ता अब चुप नहीं बैठेगा। हमें किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है। कांग्रेस एक जाजम पर बैठने वाली पार्टी रही है, लेकिन आज उस पर भी दरार पैदा कर दी गई है। यदि यही स्थिति रही तो धर्मेंद्र राठौड़ को अपना बोरिया-बिस्तर समेटना पड़ेगा।"

बैठक में आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई और संगठन को जमीनी स्तर पर मज़बूत करने के लिए रणनीति बनाई गई।

Previous
Next

Related Posts