Saturday, 29 August 2026

एसपीजी इंडिया ने ग्रीष्मकालीन शिविरों के माध्यम से 750 से अधिक छात्रों को कराया वन्यजीव संरक्षण का अनुभव


एसपीजी इंडिया ने ग्रीष्मकालीन शिविरों के माध्यम से 750 से अधिक छात्रों को कराया वन्यजीव संरक्षण का अनुभव

गर्मियों की छुट्टियों को उपयोगी एवं शिक्षाप्रद बनाने के उद्देश्य से सोसायटी फॉर पब्लिक ग्रिवेंस (एसपीजी), इंडिया ने विभिन्न ग्रीष्मकालीन विशेष कार्यक्रमों और स्कूल शिविरों का आयोजन किया। संगठन के अध्यक्ष एवं चेयरमैन प्रो. बी. डी. रावत ने बताया कि इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य छात्रों में प्रकृति, जल एवं वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

इसी क्रम में एसपीजी के सचिव डॉ. गोविंद रावत (एडवोकेट) ने बताया कि "प्रकृति बचाओ और वन्यजीव बचाओ" विषय पर आधारित एक विशेष शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम दिल्ली रोड स्थित नरगढ़ जैविक उद्यान में आयोजित किया गया, जिसमें 750 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस भ्रमण में बच्चों को विभिन्न वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के बारे में जानकारी दी गई, जिससे उनका व्यावहारिक ज्ञान और संवेदनशीलता में वृद्धि हुई।

संगठन की उपाध्यक्ष डॉ. गुंजन खंडेलवाल और दीपाली सोकिया ने इस भ्रमण को बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि कई छात्रों ने पहली बार इतने निकट से वन्यजीवों को देखा और उनकी रक्षा के महत्व को समझा।

कार्यक्रम समन्वयकों प्रेम कांत, राजेश, दक्षेश एवं दर्श कुमार ने बताया कि छात्र जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति न केवल संवेदनशील हुए, बल्कि वे अब इन मूल्यों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रति प्रेरित भी हुए हैं।

कार्यक्रम प्रभारी शुभ्रा खंडेलवाल ने जानकारी दी कि इस अवसर पर वन्यजीव संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें दर्श और शुभांक ने संयुक्त रूप से प्रथम, त्रिशिका ने द्वितीय, और शुभ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    Previous
    Next

    Related Posts