Monday, 02 June 2025

कोटा में कांग्रेस की 'संविधान बचाओ रैली', डोटासरा बोले – भाजपा आरक्षण खत्म करना चाहती है, कांग्रेस लाएगी जातिगत जनगणना


कोटा में कांग्रेस की 'संविधान बचाओ रैली', डोटासरा बोले – भाजपा आरक्षण खत्म करना चाहती है, कांग्रेस लाएगी जातिगत जनगणना

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार को कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘संविधान बचाओ रैली’ में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शामिल हुए। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि भाजपा संविधान का दुरुपयोग कर रही है और आरक्षण समाप्त करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने यह स्पष्ट किया है कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो देशभर में जातिगत जनगणना लागू की जाएगी और अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को उनकी जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण दिया जाएगा।

डोटासरा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री का चयन लोकतांत्रिक तरीके से न कर, पर्ची निकाल कर किया गया, जो लोकतंत्र का उपहास है। उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर कहा कि कानून तो बनाया गया लेकिन उसकी पालना नहीं हो रही। डोटासरा ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के डेढ़ साल के शासन में प्रदेश का विकास कार्य ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि आज हालत यह है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा अमेरिका कर रहा है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को दो हिस्सों में बांट दिया था और 92,000 पाक सैनिकों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया था।

डोटासरा ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की बैठकों में मुख्य सचिव, कैबिनेट बैठकों में विभागीय सचिव और सर्वदलीय बैठकों में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तक नहीं होते। मंत्रियों और विधायकों की कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एक कठपुतली के रूप में कार्य कर रहे हैं, और उनकी गुजरात में 'क्लास' लगाई जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों की पेंशन और इलाज तक के लिए पैसे नहीं दे पा रही है। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों को द्वेषपूर्ण कार्रवाई करके हटाया जा रहा है। जूली ने यह भी कहा कि भाजपा के कृषि मंत्री के ही जिले में नकली खाद खुलेआम बेचा जा रहा है। इस रैली में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष रविन्द्र त्यागी, देहात जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह सहित कई नेताओं ने भी संबोधन दिया।



Previous
Next

Related Posts